fab642ef e3a2 4d59 ad46 3a40b800d37e

संवाददाता देहरादून। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार उत्तराखंड को 12वां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के रूप में मिल गया है। भारतीय जनता पार्टी ने उन पर पुनः भरोसा जताया है।

अब 23 मार्च को पुष्कर सिंह धामी नई सरकार के साथ परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण करेंगे। उनके शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। उत्तराखंड की पांचवीं विधानसभा के लिए 10 मार्च को चुनाव परिणाम हुए थे। जिसमें भाजपा को 70 में से 47 सीटों पर विजय प्राप्त हुई थी। जबकि मुख्यमंत्री चेहरा माने जा रहे पुष्कर सिंह धामी खटीमा सीट से चुनाव हार गए।

उनकी हार से भाजपा के अंदर नए मुख्यमंत्री को लेकर पेंच फंस गया और सियासी हलकों में नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर कई प्रकार की चर्चाएं होने लगीं। मुख्यमंत्री पद के लिए रेस में धामी से लेकर राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी, पूर्व सीएम रमेश पोखरियाल निशंक, सतपाल महाराज, सांसद अजय भट्ट, ऋतु खंडूरी, धन सिंह रावत का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा था। देहरादून से लेकर दिल्ली तक तमाम बैठकों व सोमवार को विधायक दल की बैठक के बाद अंततः पार्टी ने राज्य के नए मुख्यमंत्री के लिए पुष्कर सिंह धामी के नाम पर मोहर लगा दी।

पुष्कर सिंह धामी को प्रदेश की कमान सौंपने की जानकारी खुद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक द्वारा मीडिया को दी गई।