उत्तराखंड उधमसिंह नगर। उत्तराखंड में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, झील और नदियां यहां की प्राकृतिक सौंदर्य हैं। ऐसे में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नागरिक उड्डयन विभाग अब पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। यहां की झीलों और नदियों में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं टिहरी झील पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन कर उभरी है। उत्तराखंड में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए टिहरी समेत पांच जलाशयों में सी-प्लेन उतारने की तैयारी चल रही है।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन प्राधिकरण यूकाडा को केंद्र सरकार द्वारा सागरमाला परियोजना के अंतर्गत बनाई गई एसपीवी यानी विशेष साधन योजना के साथ करार करना है। एसपीवी इन जगहों पर ढांचागत विकास के साथ ही सी-प्लेन संचालन में प्रदेश सरकार का तकनीकी सहयोग करेगी। उत्तराखंड की ओर से 5 जगहों पर सी-प्लेन उतारने की संभावना का प्रस्ताव केंद्र को भेजा गया था। जिनमें ऊधमसिंह नगर का हरिपुरा जलाशय, ऋषिकेश बैराज, टिहरी झील, नानकमत्ता बैराज तथा कालागढ़ झील को शामिल किया गया है।
प्रदेश सरकार द्वारा इसकी रिपोर्ट केंद्र को भेज दी गई है। अब इसके लिए केंद्र द्वारा गठित एसपीवी से करार किया जाना है। सी-प्लेन का उपयोग पर्यटन गतिविधियों के अलावा रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान भी किया जाता है। नागरिक उड्डयन विभाग उत्तराखंड द्वारा पत्रावली केंद्र को भेज दी गई है फिलहाल आचार संहिता के कारण काम रुका हुआ है। आचार संहिता खत्म होने के बाद नई सरकार के दिशा निर्देशों के अनुसार इस काम को आगे बढ़ाया जायेगा।

