Untitled design 2022 03 22T113425.173

नई दिल्ली,  राजधानी दिल्ली को अभी सप्ताह भर तेज गर्मी से राहत मिलने की संभावना
नहीं है। सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक दर्ज किया गया।

वहीं न्यूनतम
तापमान सामान्य से चार डिग्री ज्यादा रहा।

दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में सोमवार सुबह से ही तेज चमकदार सूरज निकला रहा। दिन चढ़ने के साथ ही धूप
तीखी होती गई। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज
किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री ज्यादा है।

वहीं न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से
चार डिग्री ज्यादा है। आर्द्रता का स्तर 85 से 31 फीसदी के बीच रहा। पीतमपुरा और स्पोर्ट्स कांप्लेक्स जैसे इलाके
सबसे ज्यादा गर्म रहे।

पीतमपुरा में अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री तो स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में 38.4 डिग्री सेल्सियस
दर्ज किया गया।

मौसम पर निगरानी रखने वाली संस्था स्काईमेट के मुताबिक आमतौर पर मार्च के अंतिम सप्ताह में या अप्रैल में
पाकिस्तान और पश्चिमी राजस्थान के ऊपर एक प्रति चक्रवात बनता है, जिसके चलते गर्म हवाएं चलती हैं और

गर्मी बनती है। इस बार यह प्रति चक्रवात 10 मार्च के आसपास ही बन गया। इसके अलावा इस बीच कोई पश्चिमी
विक्षोभ नहीं आया।

इन दोनों मौसमी कारकों के चलते दिल्लीवालों को इस बार मार्च महीने में ही तेज पसीने छुड़ाने
वाली गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। अभी सप्ताह भर तक इसमें खास बदलाव होने के आसार नहीं दिख रहे
हैं।