नई दिल्ली, 04 सितंबर रामलीला मैदान में कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित रैली के चलते
मध्य जिला के कई इलाकों में सुबह से लेकर दोपहर तक जाम की समस्या रही। ट्रैफिक पुलिस द्वारा
इस रैली को ध्यान में रखते हुए रामलीला मैदान के आसपास बंदोबस्त किये गये थे। उन्होंने कुछ
सड़कों को बंद भी किया था। इसके चलते आसपास के इलाके में वाहनों को निकलने में परेशानी का
सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार कांग्रेस द्वारा रामलीला मैदान में आयोजित रैली के लिए सुबह 9 बजे से ही
लोग वहां पहुंचने लगे थे। ट्रैफिक पुलिस द्वारा रैली को ध्यान में रखते हुए रंजीत सिंह फ्लाइओवर
(बारखम्बा रोड से गुरु नानक चौक), विवेकानंद मार्ग, जेएलएन मार्ग (दिल्ली गेट से गुरुनानक चौक),
कमला मार्केट से गुरुनानक चौक, चमन लाल मार्ग, अजमेरी गेट आदि को बंद रखा था। इसके चलते
यहां से वाहनों की आवाजाही नहीं हो रही थी।
ट्रैफिक पुलिस के बंदोबस्त की वजह से दरियागंज, आईटीओ, मिंटो ब्रिज, पहाड़गंज, नई दिल्ली रेलवे
स्टेशन आदि जगहों पर सुबह के समय जाम की समस्या रही। यहां से वाहन चालकों को गुजरने में
काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही दोपहर में जब रैली समाप्त हुई तो उस समय
भी लोगों की भीड़ के बाहर निकलने की वजह से लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। दोपहर बाद
इन इलाकों में सामान्य रूप से ट्रैफिक चलता रहा।

