Untitled design 2022 09 26T012203.272

नोएडा, 25 सितंबर । सेक्टर-44 स्थित छलेरा गांव में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में
मौत हो गई। मौत का कारण जानने के लिए पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए

भेज दिया है। वहीं, महिला के परिजनों ने पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर महिला की पीट

पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस को अभी तक महिला के परिजनों की ओर
से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।

जानकारी के अनुसार गढ़मुक्तेश्वर के पलवाड़ा गांव निवासी 43 वर्षीय ऊषा की शादी 28 वर्ष पहले
छलेरा गांव के जगबीर चौहान के साथ हुई थी। दोनों के चार बच्चे हैं। महिला के चचेरे भाई नृपेंद्र ने

बताया कि सुबह उन्हें महिला की मौत के बारे में पता चला। जानकारी होने पर वह छलेरा गांव
पहुंचे। ऊषा घर में अचेत अवस्था में पड़ी थी। उसके शरीर पर चोट के निशान थे। आनन-फानन में

ऊषा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि महिला की उसके पति ने पीट पीटकर हत्या की है। ससुराल पक्ष के

लोग उस पर दहेज का दबाव बनाते थे। वह मायके में कई बार पति के गलत व्यवहार की शिकायत
भी कर चुकी थी। मायके पक्ष के लोगों ने भी कई बार छलेरा पहुंचकर जगबीर और उसके परिवार

वालों को समझाया था, लेकिन उनकी प्रताड़ना जारी रही। परिजनों का कहना है कि वह पोस्टमार्टम
रिपोर्ट आने के बाद कोतवाली में तहरीर देंगे। हालांकि, ससुराल पक्ष के लोगों ने महिला के परिजनों

को आत्महत्या की सूचना दी है। आरोप है कि महिला ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या की

गई है। वहीं, सेक्टर-39 कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि महिला के शरीर पर चोट के निशान
नहीं है।

परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है, लेकिन
लिखित शिकायत नहीं दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।