Delhi Rainy Weather

Today Weather Forecast

Delhi Rainy Weather

Delhi Rainy Weather

10 August Aaj Ka Mausam: मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार, मानसून जमकर बरस रहा है। देशभर में मानसून की बारिश हो रही है। दिल्ली-NCR में बीती शाम भी मूसलाधार बारिश हुई, लेकिन वह बारिश लोगों के लिए आफत बन गई। करीब 2 घंटे बादल खूब बरसे, जिससे सड़कों पर जलभराव हो गया। करीब 2 से 3 फीट पानी सड़कों पर भरने से जाम लगा।

मौसम विभाग (IMD) ने आज और कल भी देश के कई राज्यों में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है। आज 15 से ज्यादा राज्यों में बारिश होने की संभावना है। कल भी लेह लद्दाख और जम्मू कश्मीर को छोड़कर सभी राज्यों में बारिश होने के आसार हैं। आइए जानते हैं कि 15 अगस्त तक दिल्ली समेत पूरे देश में मौसम कैसा रहने वाला है?

 

 

दिल्ली में 15 अगस्त तक बरसते रहेंगे बादल

मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी दिल्ली में पिछले कई दिन से लगातार बारिश हो रही है। बीती शाम भी मूसलाधार बारिश हुई। आज भी शाम तक हल्की से मध्यम बारिश होने उम्मीद है। 15 अगस्त तक राजधानी में बारिश होते रहने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। वीकेंड पर लोग सुहाने मौसम का लुत्फ उठा पाएंगे। वीकेंड के लिए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया हुआ है। बीते दिन राजधानी का अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 27 डिग्री रहने की संभावना बनी हुई है।

UP-बिहार में कुछ ऐसा रहेगा मौसम

उत्तर प्रदेश और बिहार में भारी बारिश के कारण गंगा, सरयू, बागमती, गंडक, यमुना, कोसी नदियां उफान पर बह रही हैं। इससे उत्तर प्रदेश में जहां घाट डूब गए हैं, वहीं बिहार में कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने अगले 2 दिन दोनों राज्यों में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं राज्य सरकारों ने मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए लोगों को सतर्क किया है और घाटों के पास न जाने की सलाह दी है। क्योंकि अगले 5 दिन मानसून एक्टिव रहेगा और भारी बारिश के कारण परेशानी उठानी पड़ सकती है। आज भी कई जिलों में बारिश हो सकती है।

 

 

हिमाचल प्रदेश में बारिश से मचा हाहाकार

हिमाचल प्रदेश में मानसून के बादल तबाही मचा रहे हैं। अब तक हुई बारिश से प्रदेश की 900 करोड़ रुपये की संपत्ति नष्ट हो चुकी है। बारिश के कारण फ्लैश फ्लड और लैंडस्लाइड से 100 से ज्यादा सड़कें ब्लॉक हैं। गत एक अगस्त को हुए 5 जगहों पर बादल फटने के बाद अब तक 28 लोगों की लाशें मिल चुकी हैं। मौसम विभाग ने वीकेंड पर प्रदेश में भारी बारिश होने की चेतावनी दी है और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

आज इन राज्यों में हो सकती है बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, आज उत्तराखंड, राजस्थान, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, दिल्ली में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।